:: किसानों को हर सप्ताह मिलेगी बिक्री की सुविधा, नागरिकों से खरीदारी की अपील ::
इंदौर । कलेक्टर शिवम वर्मा शनिवार को ढक्कन वाला कुआँ स्थित ग्रामीण हाट बाजार पहुँचे और वहाँ संचालित जैविक हाट विक्रय केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने जैविक विधि से उत्पादित विभिन्न कृषि एवं खाद्य उत्पादों को देखा और उनकी गुणवत्ता की सराहना की।
कलेक्टर वर्मा ने इस दौरान कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्हें प्रत्येक सप्ताह इस हाट बाजार में अपने उत्पाद बेचने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु हाट बाजार से अधिक से अधिक खरीदारी करें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएँ।
उल्लेखनीय है कि आगामी 12, 13 एवं 14 दिसंबर को इसी हाट बाजार में एक विशेष जैविक मेला आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल पर इंदौर जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्थाएँ लागू की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।

