:: अमृत प्रोजेक्ट 2.0 : महापौर एवं विधायक ने वार्ड 82 में किया भूमिपूजन, सेंट्रल डिवाइडर का भी होगा निर्माण ::
इंदौर । इंदौर को बुनियादी सुविधाओं में नंबर-1 बनाए रखने के संकल्प के साथ अमृत प्रोजेक्ट 2.0 के तहत विकास कार्यों का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को वार्ड 82 के सुदामा नगर (डी एवं ई सेक्टर) में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ द्वारा 20 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
:: जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान ::
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि सुदामा नगर क्षेत्र में ड्रेनेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। 20 करोड़ रुपए की लागत से बिछाई जा रही नई ड्रेनेज पाइप लाइन से न केवल क्षेत्र की स्वच्छता सुधरेगी, बल्कि वर्षाकाल में होने वाले जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इन कार्यों को समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
:: सुगम होगा यातायात : हवा बंगला रोड का बदलेगा स्वरूप ::
ड्रेनेज के साथ-साथ क्षेत्र के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए फुटी कोठी चौराहा से हवा बंगला तक सेंट्रल रोड डिवाइडर के निर्माण का भी शुभारंभ किया गया। 84 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस डिवाइडर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र की मुख्य सड़क का सौंदर्यीकरण भी होगा।
विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। रहवासियों ने इन विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए महापौर और विधायक का आभार व्यक्त किया।

