अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने अपनी आने वाली फीचर फिल्म ‘पलकों पे’ की शूटिंग भोपाल में सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। फिल्म की शूटिंग पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई थी और भोपाल व उसके आसपास के कई लोकेशन्स पर लगातार और कड़ी शूटिंग शेड्यूल के साथ पूरी की गई, जिसने पूरी टीम को रचनात्मक और शारीरिक रूप से चुनौती दी।‘पलकों पे’ में श्वेता त्रिपाठी के साथ अभिषेक चौहान और ईशान नक़वी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। इस फिल्म को विज्ञापन जगत के चर्चित फिल्ममेकर निधीश पूझक्कल ने लिखा और निर्देशित किया है, जो अपनी कहानियों में इंसानी मनोविज्ञान को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। यह फिल्म एक सामाजिक ड्रामा है, जो जेंडर समानता और मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों को बहुत ही मानवीय और सच्चे अंदाज़ में दिखाती है। कहानी का केंद्र श्वेता द्वारा निभाया गया किरदार श्रद्धा अग्रवाल है।

