इंदौर । कलेक्टर कार्यालय में प्रति मंगलवार की तरह आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई में आज बड़ी संख्या में आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय और रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने आवेदकों की शिकायतों का तत्काल निराकरण किया, जबकि शेष आवेदनों के लिए निश्चित समय-सीमा तय की गई।
:: पारिवारिक विवादों के लिए मध्यस्थता का सहारा ::
जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन-जायदाद, निजी भूमि पर अतिक्रमण, मकान पर किराएदारों के अवैध कब्जे और पारिवारिक विवादों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पारिवारिक विवादों को आपसी सुलह और समझौते से सुलझाने के लिए मध्यस्थता केंद्र प्रेषित किया। वहीं, दिव्यांगजनों को साइकिल सहायता के प्रकरणों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
:: इलाज के लिए स्वीकृत की गई आर्थिक सहायता ::
जनसुनवाई के दौरान कुछ ऐसे आवेदक भी पहुंचे, जिन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वित्तीय मदद की आवश्यकता थी। अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से उनकी आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत की। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में देर शाम तक चली इस सुनवाई में अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी अपने स्तर पर आवेदनों का निपटारा किया, जिससे दूर-दराज से आए नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
प्रकाश/27 जनवरी 2026

