सिंधिया ने ऊमरी-आरी में समृद्धि केंद्र और कोंतर में विद्युत उपकेंद्र का किया लोकार्पण
गुना । केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को बमोरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को विकास की दो बड़ी सौगातें दीं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने ऊमरी-आरी में समृद्धि केंद्र का लोकार्पण किया और ग्राम कोंतर (श्यामपुर) में नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया।
ग्रामीणों के लिए सुविधाओं का केंद्र
ऊमरी-आरी में शुरू हुआ समृद्धि केंद्र भौतिक और डिजिटल सेवाओं के एकीकरण का अनूठा मॉडल है। इसके माध्यम से अब ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए शहर नहीं भागना पड़ेगा। सिंधिया ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और डिजिटल इंडिया के सपने को धरातल पर उतारने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
बिजली संकट से मिलेगी मुक्ति
वहीं, कोंतर (श्यामपुर) में 33/11 के.व्ही. क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। इस उपकेंद्र से दर्जनों गांवों के किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। लोकार्पण के अवसर पर सिंधिया ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

