बस स्टैंड पार्किंग में खड़ी यात्री बसों में लगी आग, तीन बसें हुईं ख़ाक

इंदौर

इन्दौर कल देर रात हुए एक हैरतअंगेज और सनसनीखेज मामले में पार्किंग में खड़ी तीन निजी यात्री बसों में आग लग गईं और देखते ही देखते पूरी बस धूं धूं कर जलने लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार जली हुई बसें श्रीनाथ बस, निधि बस और देवा बस हैं। इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काफी दूर से ही दिखाई दे रही थीं। मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र के तीन इमली बस स्टैंड का है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस और पांच दमकल गाड़ियों के साथ पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाते हुए पार्किंग में खड़ी अन्य बसों में ड्राइवरों से बसों को तुरंत बाहर निकालने के लिए कहा और वहां खड़ी 25 से ज्यादा बसों को तुरंत हटवाया। और एकत्रित भीड़ को भी तितर-बितर किया ताकि जाम की स्थिति न बने। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की असली वजह सामने आ सके। मौके पर पहुंचे एसीपी विजय चौधरी के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में तीन प्राइवेट बसें जलकर खाक हो गईं।
फायर ब्रिगेड के अनुसार करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग बुझाने में करीब 30 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां और तीन से चार पानी के टैंकर पहुंचाए गए थे।