नई दिल्ली । एसबीआई फ्रॉड मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी से सीबीआई पूछताछ करेगी। सीबीआई की पूछताछ रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (आरकॉम) से जुड़ी हुई है, जिसे लेकर एसबीआई ने एफआईआर दर्ज कराई थी। अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने बताया कि रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के संबंध में एसबीआई द्वारा दायर शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के सिलसिले में अनिल डी. अंबानी 19 और 20 मार्च को दिल्ली में सीबीआई के समक्ष पेश होंगे। प्रवक्ता ने कहा कि यह पेशी अंबानी इस मामले में सभी एजेंसियों को पूरा सहयोग करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले सप्ताह अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से सीबीआई ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड से जुड़े 228 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की थी। प्रमुख जांच एजेंसी ने उनसे दो दिनों तक पूछताछ की। एजेंसी ने उनसे एक कथित बैंक धोखाधड़ी मामले के संबंध में पूछताछ की, जिसमें उनके साथ रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व सीईओ और पूर्व पूर्णकालिक निदेशक रविंद्र सुधालकर और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीबीआई ने 6 दिसंबर, 2025 को रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल), जय अनमोल अनिल अंबानी, रविंद्र सुधालकर, अज्ञात व्यक्तियों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज किया था। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत के आधार पर रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की कंपनी आरएचएफएल, उसके प्रमोटरों या निदेशकों और अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार का आरोप लगाया था, जिससे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व-आंध्र बैंक) को 228.06 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इससे पहले ईडी ने अनिल अंबानी समूह की कंपनियों आरएचएफएल और आरसीएफएल की 581 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति को जब्त किया था।
एसबीआई फ्रॉड मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई के सामने पेश होंगे अनिल अंबानी

