अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने रचा नया इतिहास: 250वां अंगदान, तीन मरीजों को मिलेगा नया जीवन

ताज़ा खबर स्वास्थ्य

ब्रेन डेड घोषित 58 वर्षीय प्रशुन भौमिक के परिवार ने दिखाई मानवता की मिसाल, लीवर और दो किडनी का किया दान
अहमदाबाद | शहर स्थित सिविल अस्पताल ने अंगदान और मानव सेवा के क्षेत्र में एक और स्वर्णिम उपलब्धि हासिल करते हुए 250वें अंगदान का ऐतिहासिक माइलस्टोन पूरा कर लिया है। पश्चिम बंगाल के मूल निवासी और रोजगार के लिए अहमदाबाद में रह रहे 58 वर्षीय प्रशुन भौमिक को ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद उनके परिवार ने मानवता का परिचय देते हुए उनके एक लीवर और दो किडनी दान करने का निर्णय लिया। इन अंगों के प्रत्यारोपण से तीन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को नया जीवन मिलेगा।
प्रशुन भौमिक अहमदाबाद के एक होटल में वेटर के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले वे अपने घर के बाथरूम में अचानक गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आईसीयू में दो दिनों तक गहन उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और 26 जुलाई को चिकित्सकों की टीम ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
पति को खोने के असहनीय दुख के बीच भी सिविल अस्पताल की अंगदान टीम के डॉ. मोहित चंपावत की काउंसलिंग के बाद उनकी पत्नी क्षमा भौमिक ने अन्य मरीजों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से अपने पति के अंगदान की सहमति देकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
दान में प्राप्त लीवर और दोनों किडनी का प्रत्यारोपण सिविल मेडिसिटी परिसर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर (आईकेडीआरसी) में उपचाराधीन जरूरतमंद मरीजों में किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुजरात के स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल द्वारा 250वें अंगदान का माइलस्टोन हासिल करना पूरे गुजरात के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंगदान महादान का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अपने प्रियजन को खोने के बावजूद अंगदान का निर्णय लेने वाले सभी परिवारों को नमन करते हुए अस्पताल की अंगदान टीम और चिकित्सकों को बधाई दी।
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा कि यह 250वां अंगदान केवल एक संख्या नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता, डॉक्टरों के प्रति लोगों के विश्वास और निस्वार्थ सेवा भावना का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि अब तक सिविल अस्पताल में 250 अंगदाताओं से कुल 827 अंगों का दान प्राप्त हुआ है, जिनमें 224 लीवर, 462 किडनी, 21 अग्न्याशय (पैंक्रियास), 78 हृदय, 34 फेफड़े, 6 हाथ और 2 छोटी आंतें शामिल हैं।
इसके अलावा अस्पताल को 198 नेत्र और 48 त्वचा सहित कुल 246 ऊतकों (टिश्यू) का भी दान मिला है। इस प्रकार अब तक अस्पताल में कुल 1,073 अंगों और ऊतकों का दान प्राप्त हो चुका है, जो अंगदान के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता और विश्वास का सशक्त प्रमाण है।