मथुरा हिंसा पर सीएम योगी का त्वरित एक्शन……..दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा

ताज़ा खबर देश

कानून से खिलवाड़ करने वालों पर भी कार्रवाई होगी
मथुरा । उत्तरप्रदेश के मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर बाबा चंद्रशेखर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में तनाव फैला दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
घटना के अनुसार, चंद्रशेखर एक कंटेनर को रोकने का प्रयास कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार, वाहन और चालक की पहचान हुई है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। परिजनों और समर्थकों का दावा है कि चंद्रशेखर गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे और तभी यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। इससे दिल्ली-आगरा हाईवे जाम हो गया और भीड़ ने पथराव कर पुलिस वाहन तोड़े, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा बढ़ाई गई। जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस और स्थानीय अधिकारी लोगों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं। हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
इस पूरे मामले ने मथुरा में कानून-व्यवस्था की संवेदनशील स्थिति को उजागर किया है। मुख्यमंत्री योगी की त्वरित प्रतिक्रिया और जांच के आदेश से यह संदेश दिया गया है कि राज्य सरकार अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शने के पक्ष में नहीं है और दोषियों को पकड़ने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।