स्कूल की छत पर लगे बीएसएनएल टॉवर में लगी आग, बड़ा हादसा टला

मध्य प्रदेश

गुना । शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी के मेडिकल बगीचा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब सीएस कॉन्वेंट स्कूल की बिल्डिंग की छत पर लगे बीएसएनएल टॉवर के पावर मशीन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते टॉवर में लगी बैटरियां और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को स्कूल में अवकाश था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम शिवानी पांडे, तहसीलदार जीएस बैरवा सहित सिटी कोतवाली पुलिस के आरक्षक अनिल रघुवंशी और महेश दिवाकर मौके पर पहुंचे। वहीं नगर पालिका की दो फायर बिग्रेड ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बिल्डिंग मालिक प्रबल शर्मा ने बताया कि टॉवर को हटाने के लिए उन्होंने बीएसएनएल को पूर्व में तीन-चार बार आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं क्षेत्रीय पार्षद ममता तोमर ने कहा कि टॉवर करीब 15 से 20 साल पुराना है और इससे भविष्य में बड़ा खतरा हो सकता है। उन्होंने रहवासियों की शिकायत पर टॉवर हटवाने का आश्वासन दिया। बीएसएनएल के टेक्निकल अधिकारी दीपक सोनी के अनुसार, एक-दो दिन पहले ही टॉवर का मेंटेनेंस कराया गया था और प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फिलहाल आग बुझा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।