इन्दौर कला समीक्षक श्रेयस गोखले के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय देवलालीकर कला वीथिका में स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स, आईपीएस अकादमी की समूह चित्रकला प्रदर्शनी वयम का शुभारंभ हुआ। गोखले ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कलाकारों के कार्यों की सराहना की तथा युवा कलाकारों को निरंतर सृजन करते रहने के लिए प्रेरित किया। वयम ग्रुप की संस्थापक एवं विभागाध्यक्ष नवीना गंजू के अनुसार वयम द्वारा विगत कई वर्षों से विद्यार्थियों एवं पूर्व विद्यार्थियों (एल्युमिनी) को अपनी कला प्रस्तुत करने का मंच प्रदान कर रहा है। इस वर्ष भी प्रदर्शनी में एमएफए के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर आधारित चित्र प्रस्तुत किए जिनमें प्रकृति, अध्यात्म, भावनाओं तथा समकालीन विषयों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में कलाकारों ने ऑयल, एक्रेलिक एवं मिक्स्ड मीडिया का प्रयोग करते हुए अपनी मौलिक शैली में चित्रों का सृजन किया।

