इंदौर बनेगा दिव्यांग अनुकूल शहर, सुगम्य इंदौर अभियान को कलेक्टर ने दी प्राथमिकता

इंदौर

:: दो चरणों में चलेगा अभियान, सार्वजनिक भवनों का होगा सर्वे और विकसित होंगी सुविधाएँ ::
इंदौर । जिले में दिव्यांगजनों को बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सुगम्य इंदौर अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि यह अभियान दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में जिले के सभी सार्वजनिक भवनों का विस्तृत सर्वे कर वहाँ दिव्यांगों के लिए मौजूद सुविधाओं का डेटा एकत्रित किया जाएगा। दूसरे चरण में चिन्हित कमियों को दूर करते हुए रैंप, रेलिंग और सुलभ शौचालयों का निर्माण होगा। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग के लिए एक विशेष पोर्टल भी तैयार किया गया है।
:: ओवरब्रिज और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा ::
कलेक्टर ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने दैनिक कार्य योजना बनाकर समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतवार कार्य योजना बनाने को कहा, ताकि पेयजल का संकट न हो।
:: लापरवाही पर होगी कार्रवाई ::
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिक न होकर गुणात्मक होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समय-सीमा में कार्य न करने वाले और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यातायात सुधार और फायर सेफ्टी अभियान को भी निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए।