कमलनाथ ने बताया भाजपा के दृष्टि पत्र को झूठ का पुलिंदा

FEATURED ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

कटनी, 17 नवम्बर (वार्ता) मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आज जारी दृष्टि पत्र को झूठ का पुलिंदा और छलावा बताया है।
श्री कमलनाथ ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा का दृष्टि पत्र पूरी तरह झूठ का पुलिंदा है। ये धोखे, फरेब और झूठ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पिछले पंद्रह साल से मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पूर्व में किये गये वादों को पूरा करने में नाकामयाब रही है और फिर से नये वादे कर रही है। उन्होंने वादों को लेकर भाजपा की नीयत पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की नीयत में ही खोट नजर आती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोग अब किसानों की बात कर रहे हैं। भाजपा को यह बताना चाहिए कि पिछले पंद्रह साल में उन्होंने अब तक किसानों के कल्याण के लिए क्या-क्या किया। इस दृष्टिपत्र में कुछ नया नहीं है। पुरानी घोषणाओं को ही दुहराया गया है। पुरानी घोषणाओं को पूरा नहीं किया गया।
इसी बीच उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि घोषणा पत्र में महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आत्महत्या रोकने, उनकी क़र्ज़ माफ़ी, युवाओं द्वारा बढ़ती बेरोज़गारी के कारण की जा रही आत्महत्याएं रोकने, कुपोषण, अवैध खनन रोकने अौर नर्मदा संरक्षण को लेकर कुछ नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को खुद भावांतर योजना पर भरोसा नहीं है और इसलिए नई घोषणाओं के नाम पर किसानों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
सतीश गरिमा
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *