अनिश्चितकाल के लिए रुकी पदयात्रा; भक्त हुए निराश
नई दिल्ली(ईएमएस)। वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य एक बार फिर से बिगड़ गया है। इसकी वजह से उनकी पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इतना ही नहीं उनके दर्शन भी रोक दिए गए हैं। इसके बाद हजारों श्रद्धालु निराश हैं। रविवार की देर रात बड़ी संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे, लेकिन प्रेमानंद महाराज हमेशा की तरह सुबह 3 बजे पदयात्रा के लिए रवाना नहीं हुए। आश्रम से उनके शिष्य उनकी जगह आए और लाउडस्पीकर के जरिये भक्तों को इसकी जानकारी दी।
शिष्यों ने बताया कि महाराज जी की अस्वस्थता के कारण सोमवार से होने वाली पदयात्रा स्थगित की जा रही है। श्रद्धालुओं से सडक़ किनारे भीड़ न लगाने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। इस घोषणा के बाद भक्तों को बिना दर्शन के ही लौटना पड़ा। आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि महाराज जी पिछले करीब 21 सालों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। अचानक स्वास्थ्य बिगडऩे के कारण डॉक्टर की सलाह पर उन्हें विश्राम दिया जा रहा है।
पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
आश्रम ने अभी तक पदयात्रा और दर्शन के फिर से शुरू होने की घोषणा नहीं की है। प्रेमानंद महाराज हर रोज सुबह केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलते हैं। प्रेमानंद महाराज न केवल आध्यात्मिक क्षेत्र में बल्कि सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं । यूट्यूब पर उनके करीब 76 लाख फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 24 लाख और फेसबुक पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ-साथ आशुतोष राणा, हेमा मालिनी, मीका सिंह और कई अन्य प्रसिद्ध हस्तियां भी उनके अनुयायी बताई जाती हैं।

