:: मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं होने वाले भी कर सकेंगे तर्पण, अधिक संख्या में साधक पहुंचे तो दो-तीन पारियों में होगी व्यवस्था ::
इंदौर । सर्वपितृ अमावस्या पर शनिवार को एयरपोर्ट रोड स्थित हंसदास मठ में निशुल्क तर्पण अनुष्ठान होगा। श्रद्धा सुमन सेवा समिति की ओर से सुबह 7.30 बजे से होने वाले अनुष्ठान में उन लोगों के लिए भी व्यवस्था रहेगी, जिन्हें अपने दिवंगत परिजनों की मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं है या जो किसी कारण से श्राद्ध पक्ष में तर्पण नहीं कर सके हैं। साधकों की संख्या अधिक होने पर दो या तीन पारियों में तर्पण कराया जाएगा।
समिति अध्यक्ष हरि अग्रवाल और राजेंद्र सोनी ने बताया कि तर्पण करने के इच्छुक लोग स्नान के बाद स्वच्छ श्वेत धोती-कुर्ता पहनकर सुबह 7 बजे तक हंसदास मठ पहुंचें। तर्पण की सभी व्यवस्थाएं निशुल्क रहेंगी।
:: शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए भी तर्पण ::
मठ में शुक्रवार को आयोजित तर्पण अनुष्ठान में 700 से अधिक साधकों ने भाग लिया। इस दौरान शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, होलकर राजवंश के शासकों, कारसेवकों और गोमाता के लिए भी तर्पण किया गया। हंसदास मठ के साकेतवासी स्वामी हंसदास महाराज की श्राद्ध तिथि भी मनाई गई।
:: पूर्वजों की दुआएं देती हैं प्रेरणा और ऊर्जा ::
भागवताचार्य पं. पुष्पानंदन पवन तिवारी ने कहा कि तर्पण पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने की परंपरा है। पूर्वजों की दुआएं जीवन में प्रेरणा और ऊर्जा देती हैं। उन्होंने तर्पण को पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बताया।

