:: अभिषेक भंडारी की 80 रन की शानदार पारी गई बेकार, 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर निमाड़ ईगल्स ने मारी बाजी ::
इंदौर । होलकर स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के एक रोमांचक मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने जबलपुर रॉयल लायंस को 7 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए जबलपुर ने 176 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, जिसे ईगल्स ने हिमांशु मंत्री (45), कनिष्क दुबे (नाबाद 70) और कप्तान सारांश जैन (नाबाद 32) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 18.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। देवेंद्र सिंह कथैत (3 विकेट) को उनके घातक गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स 6 मुकाबलों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है। वहीं, जबलपुर रॉयल लायंस 6 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है, जिससे उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी कायम हैं।
:: ईगल्स की आक्रामक शुरुआत ::
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स को शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज मिला। पावरप्ले के दौरान टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 68 रन जोड़कर जीत की मजबूत नींव रख दी। हिमांशु संदीप मंत्री (45) और धर्मेश पटेल (23) ने बेहतरीन शुरुआत दी। मैच का रुख तब बदला जब दूसरे विकेट के लिए हिमांशु मंत्री और कनिष्क दुबे के बीच 80 रनों की आक्रामक साझेदारी हुई। इसके बाद, कनिष्क दुबे ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए 44 गेंदों में नाबाद 70 रन (6 चौके व 3 छक्के) ठोक दिए। अंत में कप्तान सारांश सुबोध जैन ने 20 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाकर चौथे विकेट के लिए नाबाद 56 रनों की साझेदारी निभाई और जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।
:: भंडारी की मेहनत पर फिरा पानी ::
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस के लिए अभिषेक भंडारी ने एक छोर मजबूती से थामे रखा। भंडारी ने 51 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन की बेहतरीन पारी खेली। अजय रोहेरा (40) के साथ उनकी साझेदारी की मदद से जबलपुर ने 20 ओवर में 176 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। निमाड़ ईगल्स के लिए देवेंद्र सिंह कथैत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसने जबलपुर की पारी को सीमित रखने में अहम भूमिका निभाई।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
जबलपुर रॉयल लायंस : 176/6 (20 ओवर) – अभिषेक भंडारी 80, अजय रोहेरा 40; देवेंद्र सिंह कथैत 3/26, कुमार कार्तिकेय 2/34। रॉयल निमाड़ ईगल्स : 177/3 (18.3 ओवर) – कनिष्क दुबे 70, हिमांशु मंत्री 45, सारांश जैन 32*; नयनराज मेवाड़ा 2/33।


1 thought on “देवेंद्र की घातक गेंदबाजी और कनिष्क की आतिशी पारी से निमाड़ ईगल्स ने जबलपुर को 7 विकेट से हराया”
Comments are closed.