:: महापौर ने दी खेल महाकुंभ की सौगात, प्रदेश में हीरक जयंती वर्ष को लेकर उत्साह ::

खेल

ओलंपिक दिवस पर गूंजा खेल भावना का संदेश
इंदौर । खेल भावना को वैश्विक पटल पर मजबूती देने और युवाओं को ओलंपिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से 23 जून को समूचे विश्व में ओलंपिक दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में इंदौर के अभय प्रशाल में आयोजित भव्य समारोह में शहर की खेल प्रतिभाओं का जोश देखते ही बन रहा था। 35 खेलों के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को एक खेल उत्सव का स्वरूप दे दिया। मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों को ओलंपिक टी-शर्ट्स भी प्रदान की गईं।
:: खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच : महापौर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल न केवल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन और देशप्रेम की भावना का संचार भी करते हैं। उन्होंने नगर निगम की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसी के साथ महापौर ने अहिल्या उत्सव के अंतर्गत शहर में भव्य स्तर पर खेल महाकुंभ आयोजित करने की घोषणा की। इस पहल से इंदौर की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शन के लिए एक नया और बड़ा मंच प्राप्त होगा।
:: प्रदेश भर में खेलों का माहौल, हीरक जयंती की तैयारी ::
मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और कार्यक्रम के सूत्रधार ओम सोनी ने बताया कि इस वर्ष ओलंपिक दिवस का आयोजन इंदौर के साथ-साथ भोपाल और जबलपुर में भी एक साथ किया गया है। इसका उद्देश्य पूरे प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल तैयार करना है। उन्होंने विशेष रूप से जानकारी दी कि आगामी वर्ष मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ का हीरक जयंती वर्ष होगा। इस उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए वर्ष भर राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों की एक विशाल श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
इस भव्य समारोह में महापौर परिषद के सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, पार्षद महेंद्र बासकले, म.प्र. टेन‍िस संघ के महासच‍िव अनिल धूपर और म.प्र. टेबल टेनिस संगठन के महासचिव जयेश आचार्य विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही खेल जगत की अनेक जानी-मानी हस्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की, जिनमें मुख्य रूप से श्रीकांत तिवारी, इरफान खान, रिंकू आचार्य, कुरुष दिनशा, नरेश टटवाल, सुनील सोनी, किशोर शुक्ला, प्रमोद सोनी, विनय यादव, अशोक सेन, महरुख खान, सुजीत गहलोत, नर्मदा कश्यप, सुरेश लूनिया, विकास यादव, वीरेंद्र पंवार, गोविंद चिंतामण, मिथिलेश केमर और गौरव पटेल शामिल हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन और आभार प्रदर्शन नीलेश वेद द्वारा किया गया।

1 thought on “:: महापौर ने दी खेल महाकुंभ की सौगात, प्रदेश में हीरक जयंती वर्ष को लेकर उत्साह ::

Comments are closed.