इंदौर के काले दंपति सोशल मीडिया के जरिए जोड़ रहे समाज में रिश्तों की डोर

इंदौर

:: व्हाट्सएप ग्रुप बना गुरव समाज के लिए मददगार; व्यस्त दिनचर्या के बीच पांच वर्षों से कर रहे निस्वार्थ सेवा ::
इंदौर। बदलती जीवनशैली और सीमित सामाजिक संपर्क के कारण आज के दौर में योग्य लड़का-लड़की का मनपसंद रिश्ता तलाशना कई परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे समय में जब समाज के लोग उपयुक्त जीवनसाथी के लिए परेशान होते हैं, तब किसी की निस्वार्थ पहल पूरे समाज के लिए संबल बन जाती है। ऐसी ही एक सराहनीय पहल इंदौर के गुरव समाज में देखने को मिल रही है, जहाँ एक दंपति डिजिटल माध्यम का सही उपयोग कर परिवारों को मिलाने का सेतु बना हुआ है।
शहर के पंचमूर्ति हरिओम नगर निवासी भूपेंद्र काले और उनकी पत्नी हेमलता काले पिछले कई वर्षों से समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भूपेंद्र काले पेशे से एलआईसी एजेंट हैं और हेमलता काले गृहिणी हैं। अपने पारिवारिक और व्यावसायिक दायित्वों के बीच समय निकालकर यह दंपति पूरी निष्ठा से इस सामाजिक कार्य में जुटा है।
:: व्हाट्सएप ग्रुप बना मददगार ::
काले दंपति ने करीब पांच वर्ष पहले “गुरव समाज के विवाह संबंध” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप की शुरुआत की थी। इस ग्रुप के माध्यम से समाज के योग्य युवक-युवतियों के बायोडेटा साझा किए जाते हैं। सिर्फ बायोडेटा शेयर करने तक ही नहीं, बल्कि यह दंपति दोनों पक्षों के बीच संपर्क स्थापित कराने, आपसी बातचीत बढ़ाने और मुलाकात तय कराने में भी सक्रिय सहयोग करता है। इनके प्रयासों से अब तक करीब 15 विवाह संबंध सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। कृतज्ञता स्वरूप परिवार इन्हें विवाह में विशेष रूप से आमंत्रित करते हैं, जहाँ पहुँचकर यह दंपति नवयुगल को आशीर्वाद देता है।
:: पुनर्विवाह को भी दे रहे बढ़ावा ::
इस संवेदनशील दंपति की पहल केवल सामान्य विवाह संबंधों तक सीमित नहीं है। वे समाज में कल्याणी (विधवा), परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह के लिए भी विशेष प्रयास कर रहे हैं। सामाजिक संकोच और कठिनाइयों को दूर करते हुए काले दंपति ऐसी महिलाओं को सम्मानजनक और सुखद वैवाहिक जीवन का दोबारा अवसर दिलाने में जुटे हैं, जिसकी समाज में जमकर सराहना हो रही है।
:: सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय ::
गुरव समाज के प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत मोराने का कहना है कि व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर काले दंपति का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। विशेष बात यह है कि सामाजिक सेवा के साथ-साथ यह दंपति सोशल मीडिया (विशेषकर इंस्टाग्राम) पर भी काफी लोकप्रिय है। यहाँ वे पति-पत्नी के रिश्तों पर आधारित मनोरंजक वीडियो बनाते हैं, जिनके माध्यम से वे हंसी-मजाक के साथ वैवाहिक जीवन के सकारात्मक पहलुओं को समाज के सामने रखते हैं।