एसटीपी कार्यों में देरी पर निगमायुक्त नाराज, समय-सीमा में काम पूरा करने की हिदायत

मध्य प्रदेश

:: कबीटखेड़ी और किला मैदान के निर्माणाधीन एसटीपी का निरीक्षण, सिरपुर तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में जल निकासी कार्यों की समीक्षा ::
इंदौर। नमामि गंगे परियोजना के तहत शहर के सीवेज नेटवर्क को मजबूत करने और जल स्रोतों को सहेजने के लिए नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को कबीटखेड़ी स्थित 120 एमएलडी और किला मैदान मंडी कार्यालय के पीछे निर्माणाधीन 35 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट के सिविल और तकनीकी कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक और कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे सहित तकनीकी अमला मौजूद था। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि तय समय में काम पूरा न होने पर संबंधित एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
:: उद्यानों में होगा उपचारित जल का उपयोग ::
निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर में सीवेज को साफ कर उपचारित (ट्रीटेड) जल की उपलब्धता बढ़ाना बेहद जरूरी है। इस पानी का उद्यानों, डिवाइडरों और ग्रीन बेल्ट में अधिकतम पुनः उपयोग करने के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर जल्द विकसित किया जाए, ताकि शुद्ध पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके।
:: जलभराव रोकने के लिए हटेंगे अवरोध ::
एसटीपी का जायजा लेने के बाद आयुक्त ने सिरपुर तालाब क्षेत्र का दौरा किया। तालाब के अपस्ट्रीम (ऊपरी) क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने जल निकासी कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने ड्रेनेज विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी के प्राकृतिक मार्ग में आने वाले सभी अवरोधों और अवैध कब्जों को नियमानुसार तत्काल हटाया जाए, ताकि आगामी वर्षाकाल में आस-पास के रहवासी क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति निर्मित न हो।