कर्ज से परेशान प्रापर्टी कारोबारी ने खाया जहर, मौत

इंदौर

इन्दौर आत्महत्या के एक सनसनीखेज मामले में अपने दोस्तों को मैसेज कर प्रापटी कारोबारी ने सल्फास खाकर जान दे दी। उसने यह कदम उठाने से पहले बाकायदा सुसाइड नोट भी लिखा है जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामला खुड़ैल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम बहादुर सिंह पिता अतरसिंह परिहार उम्र पैंतालीस साल निवासी ग्राम शिवनी है वह खुड़ैल क्षेत्र का बड़ा प्रॉपर्टी कारोबारी था। उसका शव कल शाम पिपलादा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे कुएं के पास मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी । प्रारंभिक जांच में कर्ज से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में परिजनों से जानकारी मिली है कि बहादुर सिंह कल सुबह करीब 5 बजे घर से निकल गए थे और करीब 11:30 बजे उन्होंने कुछ दोस्तों को मैसेज किए, जिसमें उन्होंने कर्ज नहीं चुका पाने की बात लिखी और जीवन समाप्त करने की जानकारी दी। मैसेज मिलते ही दोस्तों ने उन्हें कॉल करना शुरू किया और तलाश में जुट गए। शाम को उनका शव हनुमान मंदिर के पास मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला जिसमें बहादुर सिंह ने लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने परिवार के लोगों को परेशान नहीं करने की अपील की। नोट में लिखा कि उनका परिवार काफी सुखी था, लेकिन भगवान को कुछ और मंजूर था। उन्होंने अपनी मौत का कारण सिर्फ कर्ज को बताते लिखा कि वह कर्ज से काफी परेशान हो चुके हैं और अब जीवन समाप्त करना ही उचित समझ रहे हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि परिवार को इस बात का आभास नहीं था कि ऐसा कुछ होने वाला है। डायरी में पूरे लेन-देन और हिसाब-किताब की जानकारी लिखी है, जो परिवार को मिल जाएगी। पुलिस को जांच के दौरान पूछताछ में यह भी पता चला है कि जमीनों के भाव बढ़ने की उम्मीद में उन्होंने कर्ज लेकर जमीन खरीदी थी, लेकिन बाजार में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने से उन पर कर्ज बढ़ता चला गया। इसी आर्थिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा सुसाइड नोट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जांच कार्रवाई कर रही है।