:: सांवेर के पाल कांकरिया और कच्छालिया स्कूलों का दौरा, पौधारोपण भी किया ::
इंदौर । प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को सांवेर विधानसभा क्षेत्र के सीएम राइज स्कूल पाल कांकरिया और कच्छालिया का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की पढ़ाई, विद्यालयीन गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
मंत्री सिलावट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और सपनों को साकार करने की नींव है। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अंतर दयाल, सरपंच सोहन पटेल, मंडल अध्यक्ष शिवपाल सिंह चावड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

