तलून में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को वर्चुअली किया संबोधित, बोले- मध्यप्रदेश आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से अग्रणी राज्य
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बड़वानी और निमाड़ की धरती संतों, संस्कृति और लोक परंपराओं से समृद्ध रही है। तलून में निर्मित खाटू श्याम मंदिर इस गौरवशाली विरासत को नई पहचान देगा और आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली खाटू श्याम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा एवं 21 कुंडीय महायज्ञ कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि यह केवल मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का अवसर है। बाबा खाटू श्याम को हारे का सहारा माना जाता है। महाभारत में बर्बरीक के रूप में उन्होंने धर्म और लोककल्याण के लिए अपना शीश भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित किया, जो त्याग, वीरता, विनम्रता और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से देश का अग्रणी राज्य है। राज्य सरकार प्राचीन धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है और तलून का यह मंदिर भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बाबा खाटू श्याम से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और प्रदेश के सर्वांगीण विकास की कामना की। कार्यक्रम में सांसद गजेन्द्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल, महंत महामंडलेश्वर हरि सुरेन्द्र गिरी महाराज, खाटू श्याम मंदिर के अध्यक्ष शशि गिरि महाराज, अन्य संतगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

