‘आवारापन 2’ का पहला गीत ‘वे जुनून’ रिलीज़

मनोरंजन

इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का पहला गीत ‘वे जुनून’ रिलीज़ हो गया है। फिल्म के टीज़र को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और यह यूट्यूब पर नंबर-1 ट्रेंडिंग वीडियो बन गया था। अब विशेष फिल्म्स और सोनी म्यूज़िक इंडिया ने फिल्म का पहला गाना जारी कर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

‘वे जुनून’ को संगीतकार मिथून ने कंपोज़ किया है, जबकि इसके बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। गीत को अपनी भावपूर्ण आवाज़ से नए गायक सुबोध शर्मा ने सजाया है। यह गीत फिल्म के मुख्य किरदार शिवम पंडित की भावनात्मक उथल-पुथल, प्रेम, डर और आत्मसंघर्ष को बखूबी बयां करता है।

फिल्म का टीज़र 29 जून को मूल फिल्म ‘आवारापन’ की 19वीं वर्षगांठ पर रिलीज़ किया गया था। टीज़र को सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिली। दर्शकों ने इसे “गूसबम्प्स देने वाला” बताते हुए इमरान हाशमी की दमदार वापसी का स्वागत किया। फैंस का मानना है कि फिल्म सिर्फ पुरानी यादों को दोहराने की कोशिश नहीं कर रही, बल्कि मूल फिल्म की भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ा रही है।