सिस्टम परिवर्तन अभियान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपा ज्ञापन, 20 वर्षों से अध्यक्ष पद पर काबिज महेश उपाध्याय को हटाकर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग।
भोपाल । सिस्टम परिवर्तन अभियान के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी आजाद सिंह दुबास ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपकर सलकनपुर स्थित प्रसिद्ध बिजासन देवी मंदिर ट्रस्ट में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और वन भूमि के हस्तांतरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार पद पर बने हुए हैं, जबकि मंदिर अधिनियम के अनुसार अध्यक्ष का कार्यकाल सीमित है। आरोप है कि ट्रस्ट में करोड़ों रुपये के चढ़ावे के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत में वर्ष 2022 में मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का भी उल्लेख किया गया है। दावा किया गया है कि उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। साथ ही, मंदिर परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं और वन भूमि के कथित हस्तांतरण की भी जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि वन विभाग के नियमों की अनदेखी कर मंदिर परिसर से जुड़े निर्माण कार्य किए गए तथा संबंधित अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सिस्टम परिवर्तन अभियान ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि महेश उपाध्याय को तत्काल अध्यक्ष पद से हटाकर ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन, चढ़ावे के उपयोग, निर्माण कार्यों, वन भूमि के मामलों तथा मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली की व्यापक जांच कराई जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के प्रमुख सचिव, आयुक्त धार्मिक न्यास तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक को भी भेजी गई है।
(नोट: यह समाचार शिकायत/ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का जवाब आना शेष है।)

