173 नागरिकों ने जमा किया 84 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक, 152 पौधे बांटे

इंदौर

:: ‘आधा किलो प्लास्टिक लाओ, एक पौधा पाओ’ अभियान को रविवार को भी मिला अच्छा प्रतिसाद ::
इंदौर । नगर निगम के ‘आधा किलो प्लास्टिक लाओ, एक पौधा पाओ’ अभियान में रविवार को 173 नागरिकों ने 84 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जमा कराया। इस दौरान 152 विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर अभियान 20 से 30 अगस्त तक शहर के 15 आरआरआर केंद्रों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के साथ नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
नागरिक सहभागिता में पलासिया स्क्वायर आरआरआर केंद्र 26 प्रतिभागियों के साथ आगे रहा। उज्जैन नाका में 24 और वर्ल्ड कप स्क्वायर में 22 नागरिकों ने प्लास्टिक जमा कराया। पागनीसपागा, हवा बंगला जोन कार्यालय और बीसीएम हाइट्स केंद्रों पर 20-20 नागरिक अभियान में शामिल हुए।
प्लास्टिक संग्रहण में उज्जैन नाका 12 किलो के साथ आगे रहा। वर्ल्ड कप स्क्वायर पर 11 किलो तथा टेम्पो स्टैंड स्क्वायर, पागनीसपागा, हवा बंगला जोन कार्यालय और बीसीएम हाइट्स पर 10-10 किलो प्लास्टिक एकत्र किया गया। पौधों के वितरण में उज्जैन नाका पर 24 और वर्ल्ड कप स्क्वायर पर 22 पौधे बांटे गए।
नगर निगम ने नागरिकों से अनुपयोगी और सिंगल यूज प्लास्टिक खुले में न फेंकने तथा उसे निकटतम आरआरआर केंद्र पर जमा कराने की अपील की है। एकत्रित प्लास्टिक को अधिकृत एजेंसी के जरिए पुनर्चक्रण या सुरक्षित निपटान के लिए भेजा जाएगा। निकटतम आरआरआर केंद्र की जानकारी पोस्टर पर दिए क्यूआर कोड से प्राप्त की जा सकती है।