जेफ्री एप्स्टीन की 5000 करोड़ की संपत्ति का वारिस कौन? नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के आरोपी की दौलत पर 44 दावेदार

साहित्य

अनिकेत सिंह 

दुनिया के सबसे कुख्यात अपराधियों में गिने जाने वाले अमेरिकी कारोबारी जेफ्री एप्स्टीन की मौत को सात वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उसकी लगभग 5000 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति को लेकर विवाद अब भी जारी है। नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण कराने और प्रभावशाली लोगों तक उन्हें पहुंचाने के आरोपों के कारण बदनाम एप्स्टीन ने अपने जीवन में अपार संपत्ति अर्जित की थी। अब सवाल यह है कि उसकी इस दौलत का असली वारिस कौन होगा।

एप्स्टीन ने कभी विवाह नहीं किया था और उसकी कोई संतान भी नहीं थी। हालांकि उसके कई महिलाओं से संबंध रहे। इनमें घिसलेन मैक्सवेल और ईवा डुबिन के नाम प्रमुख हैं। घिसलेन मैक्सवेल पर आरोप है कि उसने एप्स्टीन के साथ मिलकर नाबालिग लड़कियों को फंसाने और उनके शोषण के नेटवर्क को चलाने में सक्रिय भूमिका निभाई। एप्स्टीन की गिरफ्तारी के बाद वह अमेरिका के बेडफोर्ड क्षेत्र में फर्जी पहचान के साथ रह रही थी, लेकिन 2 जुलाई, 2020 को एफबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह फिलहाल जेल में सजा काट रही है। ईवा डुबिन लंबे समय तक एप्स्टीन के साथ संबंध में रही, हालांकि बाद में उसने किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया था।

हाल के वर्षों में एप्स्टीन की एक और करीबी सहयोगी और प्रेमिका कारिना शुलियाक का नाम चर्चा में आया है। बेलारूस मूल की 37 वर्षीय डेंटिस्ट कारिना से एप्स्टीन की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। आत्महत्या से दो दिन पहले तैयार की गई अपनी वसीयत में एप्स्टीन ने कारिना के लिए 30 करोड़ रुपए नकद, 33 कैरेट हीरे की अंगूठी, अन्य बहुमूल्य हीरे, पेरिस का एक आलीशान मकान तथा न्यू मैक्सिको स्थित फार्महाउस छोड़ने की इच्छा व्यक्त की थी। हालांकि उसकी पूरी संपत्ति कानूनी प्रक्रिया के तहत सील होने के कारण कारिना को यह संपत्ति मिलना आसान नहीं माना जा रहा है।

एप्स्टीन की कुल संपत्ति में न्यूयार्क के अपर ईस्ट साइड स्थित सात मंजिला आलीशान हवेली, फ्लोरिडा के पाम बीच का बंगला, न्यू मैक्सिको का विशाल फार्महाउस, पेरिस का लक्जरी अपार्टमेंट, ‘लिटिल सेंट जेम्स’ और ‘ग्रेट सेंट जेम्स’ नाम के दो निजी द्वीप, बोइंग 727 सहित कई निजी विमान, 20 से अधिक लग्जरी कारें, महंगी पेंटिंग्स, दुर्लभ प्राचीन वस्तुएं तथा भारी मात्रा में नकदी शामिल थी।

फिलहाल अदालत के आदेश पर एप्स्टीन की संपत्तियों का प्रबंधन उसके वकील डैरेन इंडिक और अकाउंटेंट रिचर्ड कान कर रहे हैं। अदालत ने दोनों को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया है और मुकदमों से जुड़े सभी खर्च भी इसी संपत्ति से चुकाए जा रहे हैं।

एप्स्टीन के अपराध उजागर होने के बाद बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं सामने आईं। अदालत ने उसकी संपत्तियां बेचकर पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया। 150 से अधिक पीड़ितों में से 140 से अधिक ने समझौते के तहत मुआवजा स्वीकार किया। उन्हें कुल लगभग 1200 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इसके अतिरिक्त करोड़ों डालर वकीलों की फीस और सरकारी करों के रूप में खर्च हुए।

एप्स्टीन की संपत्ति पर कुल 44 लोगों ने दावा किया है। इनमें उसका सगा भाई मार्क एप्स्टीन तथा हार्वर्ड विश्वविद्यालय के गणित के एक प्रोफेसर का नाम भी शामिल है। अंतिम निर्णय अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।

जेफ्री एप्स्टीन की 10 अगस्त, 2019 को न्यूयार्क की मेट्रोपॉलिटन करेक्शनल सेंटर जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आधिकारिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया गया। उसके करीबी सहयोगी और फ्रांसीसी माडलिंग एजेंट जीन लुक ब्रुनेल ने भी 19 फरवरी, 2022 को पेरिस की ला सांते जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ब्रुनेल पर आरोप था कि वह माडलिंग का झांसा देकर लड़कियों को एप्स्टीन तक पहुंचाता था। दिसंबर, 2020 में वह सेनेगल भागने की कोशिश के दौरान चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ था, लेकिन मुकदमा पूरा होने से पहले ही उसने अपनी जान दे दी।

कारिना शुलियाक मूल रूप से बेलारूस की रहने वाली है। 21 वर्ष की उम्र में वह न्यूयार्क में एप्स्टीन के संपर्क में आई। एप्स्टीन ने उसे कोलंबिया विश्वविद्यालय में डेंटल शिक्षा दिलाने में मदद की थी। अमेरिकी नागरिकता दिलाने के लिए उसने कारिना की समलैंगिक विवाह व्यवस्था भी कराई थी। कारिना एप्स्टीन के कई वित्तीय और प्रशासनिक कार्य संभालती थी, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों ने उसे एप्स्टीन के अपराधों में सहभागी नहीं माना और उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया। हाल तक वह ब्रुकलिन के एक छोटे क्लिनिक में गुप्त रूप से कार्य कर रही थी। वसीयत में उसका नाम सामने आने के बाद एक बार फिर वह अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अदालत अंततः एप्स्टीन की वसीयत को कितना कानूनी महत्व देती है और कारिना को उसमें लिखी गई संपत्ति मिलती है या नहीं।

अनिकेत सिंह 

बड़ौदा-मो- 8368681336