राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध दिवस पर केंद्र की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी; दो घंटे चला प्रदर्शन, ज्ञापन पर कार्रवाई का आश्वासन ::
इंदौर । मजदूर, किसान, आदिवासी और कर्मचारी संगठनों ने सोमवार को राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध दिवस के तहत संभाग आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 1 बजे विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कार्यालय पहुंचे और परिसर में सभा की। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने मजदूरों, किसानों, कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
सभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लेखक-चिंतक कामरेड जसविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां आम जनता के हितों के बजाय बड़े कॉर्पोरेट समूहों के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध दिवस के माध्यम से मेहनतकश वर्ग सरकार को अपनी नीतियों में बदलाव का संदेश दे रहा है। अन्य वक्ताओं ने भी मजदूर-किसानों की मांगों की अनदेखी और कॉर्पोरेट क्षेत्र को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया।
:: कॉर्पोरेट नीतियों के खिलाफ लगाए नारे ::
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और कॉर्पोरेट समूहों को लेकर कई नारे लगाए। ‘जो सरकार अडानी-अंबानी के साए में पलती है, वह सरकार बदलनी है’ और ‘कॉर्पोरेट जगत को मौका, मजदूर-किसान-नौजवानों को धोखा, नहीं चलेगा’ जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के दबाव में नीतियां बनाने का आरोप भी लगाया।
:: ज्ञापन पर कार्रवाई का आश्वासन ::
प्रदर्शन के बाद संभाग आयुक्त कार्यालय के अधीक्षक बीएल चौहान आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने संगठनों की मांगों और समस्याओं का ज्ञापन संबंधित स्तर पर तत्काल भेजने तथा संभाग और जिले से जुड़ी शिकायतों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में इंटक के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, किसान सभा के प्रदेश सचिव अरुण चौहान, सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश लिंबोडिया, एटक के राज्य सचिव रुद्रपाल यादव, किसान संघर्ष समिति के संभागीय संयोजक रामस्वरूप मंत्री, सीटू जिला महासचिव सीएल सरावत, एटक के ओमप्रकाश खटके, इंटक के कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाठक, किसान खेत मजदूर संगठन के सोनू शर्मा, आशा कार्यकर्ता यूनियन की कविता सोलंकी, कोऑपरेटिव बैंक यूनियन के गजानन नीमगांवकर, बैंक कर्मचारी यूनियन के रामदेव शाइडीवाल, सेवा संगठन की रामकली बाई, असंगठित कामगार यूनियन के राहुल निहोरे, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव संगठन के मनीष ठक्कर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

