सांसद आलोक शर्मा, विधायक विष्णु खत्री सहित पुलिस अधिकारियों ने किया उद्घाटन
भोपाल । भोपाल देहात पुलिस को आधुनिक पुलिस अधोसंरचना की सौगात देते हुए थाना ईंटखेड़ी के नवनिर्मित भवन का बुधवार को लोकार्पण किया गया। भोपाल सांसद आलोक शर्मा, बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेश सिंह चंदेल और पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने विधिवत भवन का उद्घाटन किया।
थाना भवन के निर्माण के लिए वर्ष 2025 में भूमि पूजन के बाद काम शुरू हुआ था, जिसे करीब एक वर्ष में पूरा किया गया। नवीन भवन में पुलिस कार्यों के संचालन के साथ आमजन की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। यहां साइबर हेल्प डेस्क, महिला डेस्क और बच्चों के लिए किड्स कॉर्नर एवं टॉय एरिया बनाया गया है। विभिन्न शाखाओं के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं।
लोकार्पण अवसर पर अतिथियों ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर का संदेश दिया। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं वाला नया भवन पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय में सहायक होगा। विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि भवन से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी।
डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी। एसपी पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि भवन में पुलिस कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम में भोपाल देहात के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

