:: सीएम बोले- सरप्लस बिजली और पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध, पानी पर सोलर पैनल से बिजली उत्पादन; एमओयू को जमीन पर उतारने पर जोर ::
इंदौर । मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को गति देने के लिए सरकार बिजली, पानी और जमीन की उपलब्धता को प्रमुख आधार के रूप में सामने रख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में सरप्लस बिजली और पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध है। पानी पर सोलर पैनल से बिजली उत्पादन किया जा रहा है और जल से ऊर्जा के स्रोत भी मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का जोर अब तक हुए निवेश समझौतों (एमओयू) को जमीन पर उतारने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है।
डॉ. यादव हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर के शुभारंभ अवसर पर ‘अर्थ अभ्युदय’ विषय पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योगपतियों के साथ प्रदेश की उद्योग नीति और औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। प्रदेश में औद्योगिक विकास के नए क्षेत्रों पर भी काम किया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म को निवेश तथा रोजगार की संभावनाओं वाले क्षेत्रों के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
:: 11 हजार से 1.67 लाख रुपये हुई प्रति व्यक्ति आय ::
डॉ. यादव ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2002-03 के करीब 11 हजार रुपये से बढ़कर 2022 में 1.40 लाख और 2026 में 1.67 लाख रुपये हो गई। उन्होंने कहा कि 10 से 12 वर्ष का समय बहुत बड़ा नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक वृद्धि को गति दी है।
:: भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत : नागेश्वरन ::
भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंता नागेश्वरन ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देश की वर्तमान विकास दर 7.8 प्रतिशत बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इसमें और वृद्धि की संभावना है। उन्होंने भारत के विदेश व्यापार में लगातार बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया।
:: दिसंबर में मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस ::
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के तीन आयोजन नई दिल्ली (2014), शिकागो (2018) और बैंकॉक (2023) में हो चुके हैं। चौथा आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में होगा। इस अवसर पर पिछले आयोजनों पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला और सुमित मिश्रा, संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

