‘मिर्ज़्या’ से डेब्यू के 10 साल पूरे होने पर सैयामी खेर ने अपने सफर, लोगों, सीख और अनुभवों को याद किया। नासिक की एक शांत और कम उम्र की लड़की से लेकर अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री बनने तक का सफर किया साझा।
सैयामी खेर ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अभिनेत्री ने अपने अब तक के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि इन 10 सालों में सिर्फ उनकी फिल्मों ने ही उन्हें नहीं बदला, बल्कि इस दौरान मिले लोगों, मिली सीख और अलग-अलग अनुभवों ने भी उनकी जिंदगी और करियर को काफी प्रभावित किया।
सैयामी ने 2016 में निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘मिर्ज़्या’ से हर्षवर्धन कपूर के साथ अभिनय की शुरुआत की थी। फिल्म के 10 साल पूरे होने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने सफर से जुड़ी कई निजी बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कैसे नासिक की एक शांत और शर्मीली लड़की, जिसे फिल्म इंडस्ट्री के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, धीरे-धीरे इस दुनिया का हिस्सा बनी और अपनी पसंद की कहानियों और किरदारों के ज़रिए अपनी पहचान बनाई।

