नवरात्रि में इस बार पंडालों में होगा जीरो वेस्ट पर फोकस

इंदौर

:: 11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में बेहतर काम करने वाले तीन पंडाल होंगे सम्मानित ::
इंदौर । शहर में नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों में कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा। नगर निगम 11 से 20 अक्टूबर तक जीरो वेस्ट नवरात्रि महोत्सव-2026 आयोजित करेगा। इसके तहत पंडालों में कचरा पृथक्करण, पर्यावरण-अनुकूल सजावट और पानी के सदुपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने दुर्गा उत्सव समितियों और पंडाल प्रमुखों के साथ बैठक कर स्वच्छता संबंधी निर्देश दिए।
महोत्सव में कचरा कम करने, वस्तुओं का दोबारा उपयोग करने और पुनर्चक्रण यानी 3R गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। पंडालों में जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन पंडालों को सम्मानित किया जाएगा।