पीएम मोदी के सफल नेतृत्व के 25 वर्ष: दिल्ली मंत्रिमंडल ने जताया आभार और विकास को सराहा

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । नई दिल्ली मंत्रिमंडल ने मोदी सरकार के प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक मौके पर उनके दूरदर्शी नेतृत्व की तारीफ की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विकसित दिल्ली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र से मिले निरंतर वित्तीय और नीतिगत सहयोग के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से ही स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और पूंजीगत निवेश सहायता जैसी केंद्रीय पहलों ने दिल्ली के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती दी है। मुख्यमंत्री रेखा ने बताया कि दिल्ली में कूड़े के विशाल पहाड़ों को हटाने और यमुना की सफाई सहित पर्यावरण सुधार के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत 1,200 करोड़ रुपये तथा अमृत योजना के तहत करीब 830 करोड़ की वित्तीय सहायता मिली है। बीती सरकारों पर केंद्र की योजनाओं में रुचि न दिखाने का आरोप लगाकर उन्होंने कहा कि फरवरी 2025 में उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र की सभी रुकी हुई योजनाओं का लाभ सीधे दिल्ली की जनता दिया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र कर उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी गई। इस योजना में केंद्र के पांच लाख के कवर में दिल्ली सरकार ने पांच लाख रुपये और जोड़कर 10 लाख रुपये का सुरक्षा कवच तैयार किया है, जिससे अब तक नौ लाख लोग जुड़ चुके हैं और हजारों दावों का निपटारा हुआ है। साथ ही, दिल्ली में 425 आरोग्य मंदिर स्थापित हो चुके हैं, जिन्हें बढ़ाकर 1,100 करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जन औषधि, वय वंदना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों को तेजी से लागू करने पर काम हो रहा है। केंद्र की सड़क और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर हो रही है। दिल्ली मंत्रिमंडल ने माना कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र और राज्य का समन्वय दिल्ली को आधुनिक और समृद्ध राजधानी बनाने की दिशा में निर्णायक साबित हो रहा है।