मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- गीतों और अभिनय से अमर रहेंगे किशोर कुमार; खंडवा में जल्द बनेगा एयरपोर्ट ::
इंदौर/खंडवा । अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 के किशोर कुमार राष्ट्रीय अलंकरण से सम्मानित किया गया। मंगलवार को खंडवा में आयोजित समारोह में उन्हें पांच लाख रुपये की सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किशोर कुमार अपने गीतों और अभिनय से प्रशंसकों की स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने खंडवा में जल्द एयरपोर्ट बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा में जन्मे किशोर कुमार बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार थे। उनके निधन के 39 वर्ष बाद भी उनकी गायकी और अदाकारी का आकर्षण बरकरार है। मध्यप्रदेश सरकार उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष प्रतिभाशाली कलाकार को राष्ट्रीय स्तर का अलंकरण प्रदान करती है। इस वर्ष रघुवीर यादव का चयन किया गया है।
किशोर कुमार के अपनी जन्मभूमि खंडवा से लगाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके लोकप्रिय कथन दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे को याद किया। उन्होंने कहा कि रोते-रोते हंसना सीखो, हंसते-हंसते रोना और जिंदगी एक सफर है सुहाना जैसे गीतों में जीवन-दर्शन भी झलकता है। फिल्म पड़ोसन और चलती का नाम गाड़ी में उनका अंदाज आज भी दर्शकों को याद है। मुख्यमंत्री ने किशोर कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
:: पंचायत से मिली व्यापक पहचान ::
रघुवीर यादव ने वेब सीरीज पंचायत में प्रधान, फिल्म पीपली लाइव में बुधिया, लगान में भूरा और धारावाहिक मुंगेरीलाल के हसीन सपने में मुंगेरीलाल की भूमिका से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। अभिनय के साथ गायन में भी उनकी प्रतिभा रही है। मध्यप्रदेश पर्यटन के लोकप्रिय जिंगल एमपी अजब है, सबसे गजब है को भी उन्होंने आवाज दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रघुवीर यादव को सम्मानित कर प्रदेश सरकार गौरवान्वित है।
:: खंडवा में एयरपोर्ट से पर्यटन को मिलेगी सुविधा ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा में जल्द एयरपोर्ट बनेगा। इससे जिले में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होने तथा ओंकारेश्वर तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। हालांकि, एयरपोर्ट परियोजना की समय-सीमा और निर्माण संबंधी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
संस्कृति मंत्री एवं खंडवा के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, दादा धूनी वाले, पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और किशोर कुमार खंडवा की पहचान हैं। उन्होंने रघुवीर यादव को सम्मान मिलने पर बधाई दी।
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने बताया कि वर्ष 2003 में किशोर कुमार सम्मान समारोह खंडवा में आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। मुख्यमंत्री की पिछले वर्ष की घोषणा के अनुरूप इस बार 12 और 13 अक्टूबर को दो दिवसीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, विधायक कंचन मुकेश तन्वे, नारायण सिंह पटेल और छाया मोरे, महापौर अमृता अमर यादव, पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

