:: महालक्ष्मी मंदिर सहित सभी देवालयों में हुई पूजा-अर्चना, पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ ::
इंदौर । एयरपोर्ट रोड स्थित पीलियाखाल के प्राचीन हंसदास मठ में शुक्रवार को धनतेरस पर पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। मठ परिसर को 11 हजार दीपों से सजाया गया। महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य और महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
पं. अमित दास ने बताया कि दीपोत्सव के पहले मठ के सभी देवालयों में पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। रामलला के दरबार, भगवान टीकमजी, रणछोड़जी और प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर सहित सभी देवालयों को सैकड़ों दीपों से रोशन किया गया। मठ परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई। हंसदास विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों ने दीप आराधना की।
दीपोत्सव के दौरान प्रतिदिन महालक्ष्मीजी का अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा। यह क्रम भाईदूज तक जारी रहेगा। मठ में 8 नवंबर को दीपावली का मुख्य महापर्व मनाया जाएगा। इसके बाद धोक पड़वा, गोवर्धन पूजा और भाईदूज सहित अन्य पर्वों पर भी सभी देवालयों में विशेष पूजन और दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

