-17 साल से अधिक जेल में रहने के बाद राहत, दोषसिद्धि के खिलाफ अपील पर सुनवाई रहेगी जारी
नई दिल्ली । 2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ने राहत प्रदान कर दी है। अदालत ने बिपिनचंद कनैयालाल जोशी और प्रदीप रामलाल मोधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी। दोनों 17 वर्ष से अधिक समय से जेल में हैं।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को यह आदेश दिया। अदालत ने कहा कि दोनों की अपील में तथ्य और कानून से जुड़े ऐसे पहलू हैं, जिन पर सुनवाई की आवश्यकता है। जमानत की शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट तय करेगा। दोषसिद्धि के खिलाफ दोनों की अपील पर सुनवाई जारी रहेगी।
दोनों दोषियों ने मई 2017 में बॉम्बे हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी। वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि दोनों 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक दोषी का नाम शुरुआती एफआईआर में नहीं था और उसे घटना के करीब तीन वर्ष बाद आरोपी बनाया गया था। दूसरे दोषी की गंभीर दिव्यांगता का भी उल्लेख किया गया।
2002 से अब तक घटनाक्रम
3 मार्च 2002 को गुजरात दंगों के दौरान दाहोद जिले के रंधिकपुर गांव में बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई। उस समय वह पांच महीने की गर्भवती थीं। 2004 में निष्पक्ष सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मामला गुजरात से महाराष्ट्र स्थानांतरित किया। जनवरी 2008 में मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने 11 आरोपियों को दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा सुनाई। 15 अगस्त 2022 को गुजरात सरकार ने सभी 11 दोषियों को समयपूर्व रिहा कर दिया। 8 जनवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई का फैसला रद्द करते हुए सभी को जेल लौटने का आदेश दिया। अब 28 अक्टूबर 2026 को दो दोषियों को जमानत मिली है।

