यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस की सॉफ्ट-हार्ड रणनीति से सपा पर सीटों का दबाव

ताज़ा खबर देश-विदेश

आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के कंधों पर जिम्मेदारी
नई दिल्ली । उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए इंडिया गठबंधन में सीटों के तालमेल को लेकर सरगर्मी तेज हुई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे से पहले कांग्रेस बहुत ही रणनीति के साथ अपने कदम बढ़ा रही है, इससे सपा पर सम्मानजनक सीटों के लिए दबाव बनाया जा सके। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक में, कांग्रेस ने सपा के साथ 17 नवंबर को होने वाली आधिकारिक बातचीत से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया।
कांग्रेस की रणनीति में दो अलग-अलग राजनीतिक चेहरे स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहे हैं। एक ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना हैं, जो सपा के प्रति बेहद सॉफ्ट रुख अपना रही हैं।वहीं दूसरी तरफ कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम जैसे नेता हैं, जो अपनी पार्टी के जनाधार और सम्मान की बात करते हुए आक्रामक तेवर दिखा रहे हैं। इस तरह कांग्रेस यूपी में सियासी संतुलन का गजब दांव चल रही है।
आराधना सपा नेतृत्व के साथ मधुर तालमेल रखती हैं। वह किसी भी तरह की बयानबाजी से बचते हुए आपसी सहमति से रास्ता निकालने की पैरवी कर रही हैं, जो गठबंधन बनाए रखने और अखिलेश से संवाद जारी रखने की कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है। वे कहती हैं कि गठबंधन को मजबूत बनाना है और दोनों दल सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी होगी, जहां भी उम्मीदवार होगा, उसका पूरी ताकत से समर्थन किया जाएगा।
वहीं, पश्चिमी यूपी के बड़े चेहरे इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम सीट शेयरिंग के मुद्दे पर आक्रामक दिख रहे हैं। उनका मानना है कि कांग्रेस को प्रदेश में अपनी ताकत के हिसाब से सम्मानजनक सीटें मिलनी चाहिए और पार्टी को किसी भी दबाव में नहीं झुकना चाहिए। कांग्रेस सांसद मसूद ने लगातार सपा को लेकर आक्रामक तेवर अपना रखा है और सीट शेयरिंग के लिए दबाव बना रहे हैं। वे कह चुके हैं कि यूपी में सपा और कांग्रेस में कोई छोटा और बड़ा नहीं, हम बराबर के सहयोगी हैं, और 2024 में सपा को जो सीटें मिलीं, वहां कांग्रेस और राहुल गांधी के बदौलत थीं।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस जानबूझकर इन सॉफ्ट और हार्ड चेहरों को आगे रख रही है। आराधना जैसे नेता सपा नेतृत्व को यह भरोसा दिला रहे हैं कि कांग्रेस गठबंधन के लिए गंभीर है, वहीं इमरान मसूद जैसे नेताओं के आक्रामक रुख से संदेश दे रहे है कि कांग्रेस कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है। अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस की तरफ से 181 सीटों की डिमांड की गई है। सपा बड़े दल की भूमिका में खुद को देखती है और जिताऊ उम्मीदवार के फॉर्मूले पर सीटें तय करना चाहती है। वहीं, कांग्रेस कम से कम 100 या उससे अधिक सीटों पर लड़ने की पैरवी कर रही है और दलित-मुस्लिम तथा ब्राह्मण बहुल सीटों पर दावा ठोक रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने मजबूत विकल्प देगी। अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली सपा-कांग्रेस की बैठक पर टिकी हैं, जहां से यूपी में गठबंधन की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। यह देखना दिलचस्प होगा कि सीटों के तालमेल में कांग्रेस की यह सॉफ्ट और हार्ड रणनीति कितना सफल होती है।