शाइनिंग मून पिक्चर्स ने अपनी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘प्यादे’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया है। शेखर एस. झा के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिंकू सिंह ने प्रोड्यूस किया है। जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रनूतन बहल स्टारर यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।फिल्म का पहला पोस्टर अपने साथ कई सवाल और ढेर सारा सस्पेंस लेकर आया है। जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रनूतन बहल की दिलचस्प मौजूदगी वाली यह थ्रिलर ऐसी दुनिया की झलक दिखाती है, जहां सत्ता, पकड़ और चालबाजियों का खेल हर पल एक नया मोड़ लेता है। यहां कोई भी चाल यूं ही नहीं चली जाती और हर खिलाड़ी के पीछे छिपा है कोई न कोई बड़ा मकसद।पोस्टर जानबूझकर कई सवालों को अनसुलझा छोड़ता है, जो फिल्म की दिलचस्प कहानी का माहौल तैयार करता है। शतरंज की बिसात की तरह सजी इस दुनिया में हर किरदार की अपनी अहमियत है, हर चाल के पीछे एक रणनीति है और जो सामने दिख रहा है, जरूरी नहीं कि हकीकत भी वही हो!

