अब एक्टर सैफ अली खान को मिली धमकी, जीशान अख्तर का नाम आया सामने

ताज़ा खबर देश-विदेश

-जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी धमकी जीशान ने ही दी या कोई दूसरा डरा रहा
मुंबई । बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बॉलीवुड भाईजान सलमान खान से लेकर दूसरे फिल्मी सितारों तक, कई कलाकार पहले ही धमकियों का सामना कर चुके हैं. अब इस सूची में बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान का नाम भी जुड़ गया है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक सैफ को धमकी मिली है और इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आ रहा है।
बताया जा रहा है कि जीशान ने सैफ अली खान को धमकी दी है। हालांकि, पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वास्तव में जीशान ने ही दी है या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई दूसरा शख्स डर फैलाने की कोशिश कर रहा है। इस मामले में जीशान का नाम सामने आने के बाद मुंबई पुलिस की जांच और अहम हो गई है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड जीशान अख्तर को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क है। अब सैफ अली खान को मिली धमकी में उसका नाम सामने आने से बॉलीवुड और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक इससे पहले बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 साल के वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया गया था। वह आईआईटी ग्रेजुएट बताया गया है। जांच में सामने आया था कि वैभव का किसी गैंग से संबंध नहीं था, बल्कि वह एआई का इस्तेमाल करके कलाकारों को धमकी दे रहा था। अब सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में भी पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है कि इसके पीछे वास्तव में जीशान अख्तर है या कोई दूसरा शख्स उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में जांच जारी है। आने वाले दिनों में पुलिस की पड़ताल से ही साफ होगा कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है।