ट्रेड फेयर में आज मनेगा राजस्थान दिवस, लोक नृत्य और संगीत से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) के अंतर्गत शनिवार, 21 नवंबर को राजस्थान दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश की समृद्ध लोक कला, पारंपरिक संगीत और लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
कार्यक्रम प्रगति मैदान के हॉल नंबर-5 के सामने स्थित एम्फीथिएटर-1 में आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार (आईएएस) उपस्थित रहेंगे।
सांस्कृतिक संध्या में चरी, घूमर, भवई, कालबेलिया, गैर, चंग ढप और मयूर नृत्य सहित विभिन्न लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही खड़ताल वादन एवं गायन, भपंग वादन और फूलों के नृत्य के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक लोक संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना है। साथ ही प्रदेश के पर्यटन को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। राजस्थान दिवस की यह सांस्कृतिक संध्या आगंतुकों को प्रदेश की रंग-बिरंगी लोक परंपराओं और कलात्मक विरासत से रूबरू कराएगी।