:: आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप में दिग्विजय, ध्वज और ब्रजेश का सफर थमा; महिला वर्ग में अमी कमानी भी बाहर ::
इंदौर । यशवंत क्लब में आयोजित आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। पुरुष वर्ग में भारत के दिग्गज खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने हमवतन दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं महिला वर्ग में गत विजेता अनुपमा रामचंदन ने भी अंतिम चार में जगह बना ली। हालांकि भारत के ध्वज हरिया, ब्रजेश दम्मानी और महिला खिलाड़ी अमी कमानी को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। अब पंकज और अनुपमा दोनों की नजरें खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होंगी।
:: पंकज के अनुभव के आगे दिग्विजय की चुनौती समाप्त ::
पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पंकज आडवाणी ने शानदार खेल दिखाते हुए दिग्विजय कादियान को 4-2 से पराजित किया। दिग्विजय ने प्री-क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के हार्वे चैंडलर को 4-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी। इस मुकाबले में उन्होंने 70 और 65 अंकों के ब्रेक भी लगाए थे। वहीं पंकज ने अपने ही देश के रयान राजमी को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
एक अन्य मुकाबले में हांगकांग चीन के लैंगयी रयान ली ने भारत के ब्रजेश दम्मानी को 4-2 से शिकस्त दी। ब्रजेश ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हमवतन सौरव कोठारी को 4-2 से हराया था। वहीं ली ने इराक के अलीजलील अली को 4-0 से पराजित कर अंतिम आठ में जगह बनाई थी।
:: 140 का ब्रेक लगाने वाले आमीर भी बाहर ::
ईरान के आमीर सरखोश को हांगकांग चीन के टैम युन फंग ने बेहद रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया। आमीर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग चीन के वांग यूचेन को 4-2 से हराया था। इस मुकाबले की तीसरी फ्रेम में उन्होंने 140 अंकों का शानदार ब्रेक लगाया था, जो प्रतियोगिता का अब तक का सबसे बड़ा ब्रेक रहा। दूसरी ओर ईरान के अली घराहगोज़लू ने भारत के ध्वज हरिया को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। ध्वज ने प्री-क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी कमल चावला को 4-0 से शिकस्त दी थी।
:: अनुपमा ने कीर्तना को हराया, अमी कमानी का सफर थमा ::
महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में गत विजेता अनुपमा रामचंदन ने हमवतन कीर्तना पांडियान को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इंग्लैंड की 57 वर्षीय टेसा डेविडसन ने फिलीपींस की कार्मिले बुहाट को सीधे फ्रेमों में 3-0 से हराया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में हांगकांग चीन की सो मान यान ने यी टिंग चेउंग को 3-0 से शिकस्त दी। वहीं शिउ विंग मैन ने भारत की स्थानीय खिलाड़ी अमी कमानी को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। इस तरह महिला वर्ग में भारत की ओर से अनुपमा रामचंदन की खिताबी उम्मीदें कायम हैं।
:: सुबह सेमीफाइनल, दोपहर 3 बजे से फाइनल ::
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के सचिव सुनील बजाज ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले सुबह के सत्र में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबले दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होंगे। फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (आईबीएसएफ) के अध्यक्ष मुबारक अल खारियान मुख्य अतिथि होंगे। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के अध्यक्ष बालासुब्रमण्यम विशेष अतिथि होंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के अध्यक्ष भोलू मेहता, महासंघ की उपाध्यक्ष अश्विनी पुराणिक, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जीतू जैन और सचिव विजय कस्तूरी भी उपस्थित रहेंगे। विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

