भारत-बुल्गारिया संबंधों को मिली नई दिशा, रोडमैप से बढ़ेगा सहयोग

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । नई दिल्ली में केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुल्गारिया की अपनी समकक्ष वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने और सहयोग के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), अंतरिक्ष, पर्यटन और लोगों की आवाजाही जैसे विविध क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। उन्होंने यात्रा को लंबे अंतराल के बाद संबंधों की प्रगति का आकलन करने और भविष्य के सहयोग की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मौका बताया।
केंद्रीय विदेश मंत्री ने काला सागर में हमले का शिकार हुए जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी और घायलों की देखभाल में बुल्गारिया सरकार द्वारा की गई मदद के लिए आभार जाहिर किया। उन्होंने जून में अपनी सोफिया यात्रा का भी उल्लेख किया, जिसने संबंधों को नई ऊर्जा दी थी। बैठक में दोनों देशों की टीमों द्वारा तैयार किए गए सहयोग के विस्तृत रोडमैप को मंजूरी दी गई, जिससे भविष्य की गतिविधियों को स्पष्ट दिशा मिलेगी। विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ते संबंधों में बुल्गारिया के समर्थन के लिए धन्यवाद देकर उम्मीद जाहिर की कि भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता जल्द लागू होगा, जिससे व्यापार, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा के क्षेत्र में सहयोग और व्यापक होगा। उन्होंने सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी, मोबिलिटी फ्रेमवर्क और होराइजन यूरोप कार्यक्रम पर हुई प्रगति का जिक्र किया।