-राजनीतिक में हलचल, बीजेपी या सीएम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई
कुंडा । यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा में राजा भैया के पिता और भदरी नरेश उदय प्रताप सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने की मांग उठाकर राजनीतिक में हलचल मचा दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश को हिंदू विरोधी ताकतों से मुकाबला करने के लिए एक कट्टर हिंदूवादी प्रधानमंत्री की जरूरत है और वर्तमान परिस्थितियों में योगी इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त हैं। उदय प्रताप का बयान कुंडा में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा के समापन के आसपास सामने आई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उदय प्रताप सिंह की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस शुरू हो गई। कई लोगों ने इस मांग का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इसके राजनीतिक मायने निकाले। कथा में धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा का विषय रहीं। समापन के दिन बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, रमेश अवस्थी, विधायक पूजा पाल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विधायक अजय सिंह और सुरेंद्र मैथानी सहित कई राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं। राजा भैया की मां भी कथा स्थल पर पहुंचीं और दर्शन किए।
उदय प्रताप सिंह की मांग ऐसे समय सामने आई है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में सीएम योगी आदित्यनाथ की भूमिका को लेकर लगातार चर्चा होती रहती है। हालांकि, उनकी पोस्ट को किसी राजनीतिक दल की आधिकारिक मांग नहीं माना जा सकता। यह उनका निजी विचार है।
कथा के मंच से धार्मिक और सामाजिक संदेश दिए गए, वहीं उदय प्रताप सिंह के बयान ने आयोजन को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया। सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। फिलहाल योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने की मांग पर बीजेपी या मुख्यमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

