एपीईसी का सदस्य नहीं भारत, राहुल गांधी को इतना भी नहीं पता
नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के कम्प्रोमाइज्ड पीएम वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने राहुल गांधी से चार तीखे सवाल पूछे और 1962 के भारत-चीन युद्ध, देश में गरीबी तथा पिछली आर्थिक स्थिति के लिए कांग्रेस से माफी की मांग की। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
दरअसल राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष कर कहा था कि एक कम्प्रोमाइज्ड पीएम कभी वैश्विक नेताओं की उस मेज पर नहीं बैठ सकता। यह बयान राहुल द्वारा साझा की गई 19 नवंबर 2026 की एक तस्वीर के बाद आया, जिसमें चीन के शेनझेन में हुए एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक साथ बैठे दिख रहे थे। इस तस्वीर को पोस्ट कर राहुल गांधी ने लिखा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तब भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर होते। हालांकि, यह भी ध्यान देने योग्य है कि भारत एपेक का सदस्य नहीं है। इस त्रिपक्षीय बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और यूक्रेन व ईरान के संघर्षों पर चर्चा हुई थी।
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने राहुल गांधी के बयान को देश विरोधी बताकर कांग्रेस से अतीत की गलतियों का हिसाब मांगा। उनके रुख का समर्थन करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने भी राहुल गांधी से सवाल किया। राष्ट्रीय महासचिव संतोष ने कहा कि 1947 से 1977, 1980 से 1989, 1991 से 1996 और 2004 से 2014 तक कांग्रेस सत्ता में थी और कई बार भारी बहुमत भी था, तब यूएनएससी सहित किन बड़े वैश्विक मंचों पर भारत उस दौरान बैठा था?
राहुल गांधी ने पीएम मोदी की आर्थिक नीतियों, खासकर नोटबंदी और जीएसटी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इन कदमों ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद किया है और बड़ी कंपनियों के लिए मैदान साफ कर दिया है, इससे देश में कारोबार के क्षेत्र में एकाधिकार बढ़ा है। राहुल गांधी के मुताबिक, एकाधिकार से कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है, जिससे नौकरियां पैदा नहीं होतीं। पीएम मोदी ने इससे पहले कॉरपोरेट टैक्स में कटौती के बावजूद कंपनियों द्वारा कर्मचारियों की सैलरी और संख्या न बढ़ाने पर सवाल उठाया था।

