विधानसभा चुनाव 2027: अयोध्या में राजनीतिक गतिविधियां तेज, रामलला किसे देंगे आशीर्वाद

देश-विदेश

-2024 लोकसभा चुनाव में इसे राजनीति के केंद्र में ला दिया, बीजेपी को लगा था झटका
-कभी साकेत के नाम से जानी जाती थी अयोध्या, नवाबी दौर में राजनीति का केंद्र रही
अयोध्या । राम मंदिर, सरयू के घाट, फैजाबाद की नवाबी विरासत और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच अयोध्या की कहानी कई परतों वाली है. कभी साकेत के नाम से पहचानी जाने वाली यह नगरी आज धार्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल है। यहां भव्य राम मंदिर बनाया गया है। दूसरी ओर 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की हार ने अयोध्या की राजनीति को नई चर्चा के केंद्र में ला दिया है। जिला प्रशासन के मुताबिक अयोध्या का प्राचीन नाम साकेत था। इसे भगवान श्रीराम की जन्मस्थली और प्राचीन कोसल राज्य की राजधानी के रूप में जाना जाता है। रामायण की कथा से जुड़ी होने के कारण यह नगरी हिंदू धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में गिनी जाती है। अयोध्या का इतिहास केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है। अयोध्या और फैजाबाद का इतिहास एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। नवाबी दौर में फैजाबाद अवध की अहम राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा। अवध के तीसरे नवाब शुजा-उद-दौला की कब्र गुलाबबाड़ी में स्थित है, जो आज भी उस दौर की वास्तुकला की याद दिलाती है। अयोध्या यूपी के मध्य-पूर्वी हिस्से में स्थित है।
जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक अयोध्या का क्षेत्रफल 2,522 वर्ग किलोमीटर है। 2011 की जनगणना के मुताबिक जिले की कुल आबादी 24,70,996 थी. इसमें पुरुषों की संख्या 12,59,628 और महिलाओं की संख्या 12,11,368 दर्ज की गई थी। जिले में पांच तहसील, 11 विकासखंड, 835 ग्राम पंचायत और 1,272 गांव हैं। यहां हिंदी के साथ अवधी भाषा का भी व्यापक इस्तेमाल होता है। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023 में अयोध्या आने वाले पर्यटकों की संख्या करीब 5.75 करोड़ थी, जो 2024 में बढ़कर 16.44 करोड़ से ज्यादा हो गई। यह आंकड़ा अयोध्या में धार्मिक पर्यटन के तेजी से बढ़ने का संकेत है। राम मंदिर के अलावा हनुमानगढ़ी, कनक भवन, राम की पैड़ी, नया घाट, गुप्तार घाट और जैन मंदिर भी यहां के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल हैं। फैजाबाद क्षेत्र में गुलाबबाड़ी और बहू बेगम का मकबरा नवाबी दौर की विरासत को दर्शाते हैं।
अयोध्या की राजनीति का असर केवल जिले तक सीमित नहीं रहा है। राम मंदिर आंदोलन ने इसे राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में पहुंचाया। बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनय कटियार लंबे समय तक राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरों में रहे। पूर्व सांसद लल्लू सिंह भी अयोध्या की राजनीति में भाजपा का बड़ा नाम रहे हैं। समाजवादी पार्टी की राजनीति में अवधेश प्रसाद, तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय और अभय सिंह जैसे नेताओं की भूमिका चर्चा में रही है। कांग्रेस की ओर से निर्मल खत्री भी फैजाबाद की राजनीति का जाना-पहचाना नाम रहे हैं।
अयोध्या की राजनीति में 2024 का लोकसभा चुनाव सबसे चर्चित घटनाक्रमों में से एक रहा। फैजाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी ने अपने तत्कालीन सांसद लल्लू सिंह को मैदान में उतारा था, जबकि समाजवादी पार्टी ने अवधेश प्रसाद पर भरोसा जताया था। समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की और बीजेपी के लल्लू सिंह को हार मिली। यह नतीजा इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में थी। बीजेपी के लिए यह परिणाम बड़ा राजनीतिक झटका था।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अयोध्या में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय का नाम चर्चा में है। पार्टी ने उन्हें अभी से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बीजेपी के लिए अयोध्या की राजनीति में राम मंदिर निर्माण के बाद बनी धार्मिक और विकास की छवि को चुनावी समर्थन में बदलना अहम चुनौती होगी। वहीं सपा 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली जीत और स्थानीय मुद्दों के आधार पर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी।