अजा छात्रावास, जनपद पंचायत भवन और सड़क सहित कई निर्माण कार्य होंगे; आठ साल में 1102 करोड़ से अधिक के सड़क-पुल कार्य स्वीकृत ::
इंदौर । सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को ग्राम पंचायत बावलियाखेड़ी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें अनुसूचित जाति छात्रावास, जनपद पंचायत कार्यालय भवन, सड़क निर्माण और सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि सांवेर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। छात्रावास, जनपद पंचायत कार्यालय भवन, बायपास सड़कें, सामुदायिक भवन और आंगनवाड़ी भवन बनने से क्षेत्रवासियों को सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।
:: आठ साल में 342 किमी लंबाई की 72 सड़कें स्वीकृत ::
सिलावट ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 1102 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के माध्यम से 342 किलोमीटर लंबाई की 72 सड़कें और 13 पुल-पुलियों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि सांवेर नगर परिषद क्षेत्र में करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत से छह सड़कों और केसरीपुरा में पुल का निर्माण कराया गया है। सांवेर पुराना बायपास, पांच किलोमीटर लंबा आंतरिक मार्ग, उल्टे हनुमान मंदिर मार्ग, सांवेर-गवला मार्ग, ट्रेंचिंग ग्राउंड रोड और केसरीपुरा ब्रिज का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
:: 28 गांवों को मिलेगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का लाभ ::
मंत्री ने बताया कि पालिया मंडल को 2935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 48 किलोमीटर लंबे इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड सिक्सलेन कॉरिडोर की सौगात मिली है। उनके अनुसार, इस परियोजना से क्षेत्र के 28 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें चार गुना से अधिक मुआवजा मिलने का प्रावधान है। उन्होंने सांवेर क्षेत्र को भविष्य में मेट्रो रेल सुविधा से जोड़ने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
सिलावट ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अन्य विकास कार्य भी कराए गए हैं। इनमें सीसी रोड, नाली और ड्रेनेज निर्माण, सामुदायिक भवन, पंचायत एवं आंगनवाड़ी भवन, पुल-पुलिया, घाट, बैराज, अस्पताल, खेल मैदान और अमृत सरोवर सहित तालाबों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
:: कार्यक्रम में ये रहे मौजूद ::
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एसडीएम हरीशंकर विश्वकर्मा, तहसीलदार पूनम तोमर, जनपद पंचायत सीईओ कुसुम मंडलोई सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

