परिसीमन को लेकर कांग्रेस नेता चिदंबरम ने केंद्र सरकार से पूछे तीन बड़े सवाल
नई दिल्ली । देश के पूर्व वित्तमंत्री और राज्य सभा से कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने परिसीमन बिल को लेकर एक्स पर पोस्ट में लिखा- प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक पेश कर दिया गया है। लोकसभा की कुल सीटों में प्रत्येक राज्य के मौजूदा आनुपातिक हिस्से को 25 सालों के लिए फ्रीज करने से हमारी दो चिंताओं का समाधान हो जाएगा। हालांकि, यह विधेयक पहली और सबसे बुनियादी चिंता का समाधान नहीं करता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चिदंबरम ने कहा कि कुल सीटों में प्रत्येक राज्य का आनुपातिक हिस्सा अहम है, लेकिन सीटों की वास्तविक संख्या भी मायने रखती है। इसके अलावा, लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ने से प्रत्येक राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करना होगा। इससे सरकार को राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में मनमानी फेरबदल करने की खुली छूट मिल जाएगी। जैसा कि सरकार ने असम और जम्मू-कश्मीर में किया था। इस तरह सीटों का मनमाना बंटवारा बड़ा खतरा है।चिदंबरम ने एक्स पोस्ट के आखिर में लिखा- सरकार ने अभी तक हमारे मुख्य सवाल का जवाब नहीं दिया है। उन्होंने ये नहीं बताया कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या में ही महिलाओं के लिए 1/3 आरक्षण क्यों लागू नहीं किया जा सकता?
वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज कुमार झा ने संसद के विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे परिसीमन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करार दिया। झा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष पर बाधा डालने के सत्तारूढ़ गठबंधन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही पारित हो चुका है।
सोमवार को विशेष सत्र की शुरुआत होने वाली है। इसके सवाल पर झा ने कहा कि संसद का मानसून सत्र कभी स्थगित नहीं किया गया था। तकनीकी रूप से यह अब भी मानसून सत्र ही है, जिसे शीतकालीन सत्र तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सवाल उठता है कि सरकार इस तरह के हथकंडों से क्या हासिल करना चाहती है? इसे परिसीमन नहीं कहिए। यह वास्तव में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है, जिसे बीजेपी असम में पहले ही आजमा चुकी है।

