भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
नई दिल्ली । देशभर में सर्दी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। पहाड़ों पर पारा माइनस में पहुंच गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में तापमान -10डिग्री और केदारनाथ में -8डिग्री दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के कटनी स्थित करौंदी में पारा 6.1डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को शीतलहर का अलर्ट जारी किया।
राजस्थान में 30 नवंबर तक शीतलहर चलेगी। इस दौरान पारा 4 से 6 डिग्री रह सकता है।
वहीं, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट है। कश्मीर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में पारा गिरकर -2डिग्री पर पहुंच गया। घाटी के ज्यादातर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण सरकार ने स्कूलों में फरवरी तक विंटर वेकेशन घोषित कर दिया है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट है। बाकी राज्यों में मौसम साफ रहेगा। तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं। दिल्ली की हवा 13वें दिन भी ‘खराब’ कैटेगरी में रही। 24 घंटे का औसत एक्यूआई 226 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार ‘खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है। सुबह के आंकड़ों के मुताबिक पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे बड़ा कारण रहा।

