14 फरवरी 2027 को पहली बार गुजरात में होगी ‘आयरनमैन 70.3 अहमदाबाद’ ट्रायथलॉन प्रतियोगिता
113 किमी की चुनौती में उतरेंगे देश-विदेश के एथलीट
अहमदाबाद । गुजरात की पहचान बन चुके साबरमती रिवरफ्रंट को अब वैश्विक खेल और एंड्योरेंस इवेंट्स के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। आगामी 14 फरवरी 2027 को गुजरात में पहली बार विश्वप्रसिद्ध ‘आयरनमैन 70.3 अहमदाबाद’ ट्रायथलॉन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें देश-विदेश के एथलीट तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ के जरिए कुल 113 किलोमीटर की कठिन चुनौती पूरी करेंगे।
गुजरात पर्यटन वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एथलीट साबरमती नदी में 1.9 किलोमीटर की ओपन वाटर स्विमिंग करेंगे। इसके बाद 90 किलोमीटर साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर दौड़ होगी। आयरनमैन ग्रुप ने गुजरात में पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन की घोषणा की है। भारत में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए गोवा के बाद अहमदाबाद को चुना गया है।
साबरमती में पानी की गुणवत्ता से आयोजक संतुष्ट
आयरनमैन के कंट्री हेड दीपक राज ने हाल ही में 12 अन्य एथलीटों के साथ अटल ब्रिज के पास साबरमती नदी में तैराकी की। इस दौरान उन्होंने नदी के पानी की गुणवत्ता और उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए अहमदाबाद में प्रतियोगिता आयोजित करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
अटल ब्रिज से शुरू होगी 113 किमी की चुनौती
प्रतियोगिता की शुरुआत 14 फरवरी को सुबह 7 बजे अटल ब्रिज के नीचे साबरमती नदी में तैराकी से होगी। एथलीट निर्धारित मार्ग पर 1.9 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसके बाद शहर की सड़कों और रिवरफ्रंट को कवर करते हुए 30 किलोमीटर के तीन चक्कर में कुल 90 किलोमीटर साइकिलिंग होगी। अंतिम चरण में रिवरफ्रंट के वॉकवे पर 21.1 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसमें भी तीन राउंड शामिल होंगे। एथलीट अटल ब्रिज से गुजरते हुए फिनिशिंग पॉइंट तक पहुंचेंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारियों को भी मिलेगा अनुभव
इस आयोजन से साबरमती रिवरफ्रंट को अंतरराष्ट्रीय ओपन वाटर स्विमिंग, ट्रायथलॉन और अन्य एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। साथ ही सुरक्षा, परिवहन, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रबंधन में अहमदाबाद को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
वर्ष 2030 में अहमदाबाद में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स के मद्देनजर भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे शहर की वैश्विक खेल पहचान मजबूत होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

