जबलपुर में बिजलीकर्मी की सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान हत्या

मध्य प्रदेश

पाटन के नन्हवारा में देर रात वारदात, अज्ञात आरोपियों की तलाश
जबलपुर । जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 36 किमी दूर पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम नन्हवारा में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की बिजली सब स्टेशन में ही पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बताया जाता है कि हमलावरों ने उसे पहले पीठ पर पीछे से गोली मारी और इसके बाद धारदार हथियारों से कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को तत्काल जबलपुर मेडीकल कालेज अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है जो मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में नन्हवारा पाटन के विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब गजेंद्र सिंह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था, तभी अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर पहले तो पीठे से गोली चलाई और बाद में सामने आकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया जहां, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गजेंद्र सिंह की मौत के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।