मुख्यमंत्री मोहन यादव को कहा रणछोड़, दुकानें दोबारा लगने तक लड़ाई जारी रहेगी
इन्दौर निगम रिमूवल अमले द्वारा विगत दिनों से फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगने वाली सब्जी मंडी हटाने के मामले में अब शहर ही नहीं प्रदेश की सियासत भी गर्मा गई है। दो दिन पहले यहां शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में प्रदर्शन कर निगम अमले की कारवाई का विरोध किया गया था जिस दौरान हुई गहमागहमी और हंगामे के बाद निगम नेता प्रतिपक्ष की गिरफ्तारी भी हुई थी
वहीं आज हटाई गई सब्जी मंडी के विरोध में कांग्रेस द्वारा सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए। इस दौरान पटवारी ने सब्जी विक्रेताओं का समर्थन तो किया ही निगम अमले की कारवाई का विरोध करते मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर निशाना साधते उन्हें रणछोड़ की उपाधि से नवाजा। जीतू पटवारी ने कहा कि- सब्जी व्यापारियों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। हमें गोली मारना है तो मार दो, लेकिन हम बिना न्याय के हटने वाले नहीं हैं। पटवारी ने कहा मुख्यमंत्री मोहन यादव इंदौर से रणछोड़ कर भाग गए। मैं मां अहिल्या की कसम खाकर कहता हूं कि इन्हें मध्यप्रदेश से ही रणछोड़ कर देंगे। इस दौरान जीतू पटवारी ने सब्जी विक्रेता महिला से उसकी कमाई के बारे में पूछा तुम महिला ने बताया कि पहले किसी तरह दाल-रोटी चल जाती थी, लेकिन अब उसके भी लाले पड़ गए हैं। उसने इसके लिए महापौर और प्रशासन की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में 25 साल से भाजपा की सरकार है, फिर भी 500 से 1000 रुपए रोज कमाने वाले ठेले वालों और सब्जी विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया- क्या गरीब आदमी को इस शहर में रहने का अधिकार नहीं है ? पटवारी ने कहा कि गरीब व्यापारियों की दुकानें दोबारा लगने तक वे उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज रोका तो कल आएंगे, कल रोका तो 15 दिन बाद आएंगे। जरूरत पड़ी तो एक महीने बाद भी लौटेंगे और मंडी लगवाकर रहेंगे। इसके बाद उन्होंने नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सहाय और डीसीपी नरेंद्र रावत से बातचीत की। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे चला यह विरोध प्रदर्शन खत्म हुआ।
नगर निगम अपर आयुक्त आकाश सहाय का कहना है कि प्रशासन व्यापारियों से बातचीत के लिए तैयार है। व्यापारियों और कांग्रेस की ओर से 4-5 लोगों का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कमिश्नर से मिल सकता है। बैठक में मांगों पर चर्चा कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी। वहीं इस प्रदर्शन को लेकर डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया-इसमें करीब 450 से 500 लोग शामिल हुए। कानून-व्यवस्था के लिए 180 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए वैधानिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

